दीपावली पर ग्रहों एवं नक्षत्रों की स्तिथि

दीपावली पर ग्रहों एवं नक्षत्रों  की स्तिथि

दीपावली पर ग्रहों एवं नक्षत्रों  की स्तिथि

इस वर्ष श्री महालक्ष्मी कुबेरादि पूजन दीपावली का पावन पर्व 13 नवम्बर 2012 मंगलवार को पड़ रहा है। यद्यपि सूर्योदय के समय चतुर्दशी व्याप्त है जो प्रातः 7 बजकर 16 मिनट तक रहेगी, तदुपरान्त अमावस्या प्रारंभ होगी। सूर्योदय के समय स्वाति नक्षत्र, तुला राशि है, जो अपरान्ह 3 बजकर 10 मिनट तक रहेगा। तदुपरान्त विशाखा नक्षत्र प्रारंभ हो जाएगा। अतः दीपावली का पावन पर्व मंगलवार स्वाति नक्षत्र एवं विशाखा नक्षत्र के बीच में पड़ रहा है। स्वाति नक्षत्र के योग से ध्वज योग बन रहा है, जो सौभाग्य का सूचक है तथा विशाखा नक्षत्र से श्रीवत्स नामक योग बन रहा है, जो सौख्य एवं सम्पदा का सूचक है। प्रदोषकाल सायं 5 बजकर 40 मिनट से रात्रि 7 बजकर 35 मिनट तक रहेगा। इस दिन सभी श्रद्धालु गृहस्थजन एवं व्यापारी समाज को महालक्ष्मी पर्व के विशेष अवसर पर अपनी ऋद्धि-सिद्धि तथा आर्थिक सफलता के लिए लक्ष्मी, कुबेर और श्रीगणेश जी का पूजन प्रदोषकाल में श्रद्धापूर्वक करना चाहिए।

प्रदोष काल सायं 7.05 से 7.32 बजे तक, वृष लग्न में (चैघड़िया के दोष को समाप्त कर लेने के बाद का समय)

दिल्ली देशान्तर में मंगलवार 13 नवम्बर 2012 को सायं 5 बजकर 27 मिनट पर सूर्यास्त हो रहा है। इसके साथ ही 5 बजकर 35 मिनट से वृष लग्न का आरंभ हो रहा है जो रात्रि 7 बजकर 32 मिनट तक रहेगा। इस लग्न के दौरान सायं 7 बजकर 5 मिनट पर चैघड़िया अशुभ है। अतः सायं 7 बजकर 5 मिनट के बाद ही वृष लग्न का प्रदोष काल है, जिसमें वृष लग्न की उपस्थिति 7 बजकर 32 मिनट तक रहेगी। इसी समय के दौरान दीपावली पूजन आरंभ करना लाभदायक रहेगा। प्रदोष के समय विशाखा नक्षत्र जारी रहेगा। तुला का चन्द्रमा। प्रदोषकाल का आधार लग्न वृष (2)है जो कि सायं 5 बजकर 34 मिनट से रात्रि 7 बजकर 32 मिनट तक है। वृष लग्न की कुण्डली में गुरु और केतु का योग है। कन्या में शुक्र, तुला राशि में सूर्य, चन्द्र और शनि वृश्चिक राशि में बुध और राहु, धनु राशि में प्लूटो और मंगल, कुंभ राशि में नेपचून और मीन राशि में हर्षल ग्रह बैठा हुआ है।

 इस महालक्ष्मी वर्ष के प्रदोषकाल के दौरान सभी ग्रह सारे साल यानि 3 नवम्बर 2013 तक शनि ग्रह तुला राशि में ही संचार करेगा। अन्य ग्रहों में 23 दिसम्बर को राहु भी शनि के साथ तुला राशि में उल्टी दिशा से प्रवेश करेगा। इस प्रकार केतु का संचार 23 दिसम्बर के बाद मेष राशि में रहेगा। सूर्य तुला राशि से अपनी यात्रा आरंभ करते हुए अगले वर्ष भी तुला राशि के 18वें अंश में होगा। इन सबके साथ ही बृहस्पति का संवार वृष में और आगे का गोचर 30 मई को मिथुन राशि में संचार करने से आरंभ होगा, जो कि मई 2014 तक लगातार मिथुन राशि में ही रहेगा। अन्य ग्रहों में चन्द्रमा तुला राशि में सूर्य और शनि के साथ योग करेगा। बुध और राहु वृश्चिक राशि में, प्लूटो और मंगल धनु राशि में, हर्षल मीन राशि में, गुरु और केतु वृष राशि में तथा शुक्र कन्या राशि के गोवर से अपनी यात्रा आरंभ करेंगे।

प्रदोषकाल सांय वृष लग्न की कुण्डली दिनांक 13 नवम्बर 2012 समय प्रदोषकाल 7 बजकर 5 मिनट से 7 बजकर 32 मिनट के दौरान विशेष पूजन मुहूर्त का सद्भाव रहेगा। 

दीपावाली पूजन के शुभ लग्न

दीपावाली पूजन के शुभ लग्न
पूजन के शुभ लग्न - प्रातः से अर्द्धरात्र्योत्तर तक 

धनु लग्न:- यह लग्न प्रातः 9 बजकर 19 मिनट पर आरम्भ हो रहा है। 9 बजकर 25 मिनट तक उद्वेग का चैघड़िया रहेगा। इस लग्न में पूजन प्रारंभ किया जा सकता है। लग्न में पंचमेश मंगल स्थित है, जो वर्गोत्तम होने से पूजनकर्ता के लिए लाभकारी बन गई है। लाभ स्थान में उच्च का शनि एवं दशम भाव लाभेश शुक्र विराजमान हैं, जिन पर देवगुरु बृहस्पति की लग्नेश के रूप में दृष्टि पड़ रही है। यह लग्न दोपहर 11 बजकर 20 मिनट तक रहेगा एवं लाभ का चैघड़िया 10 बजकर 49 मिनट से प्रारंभ हो जाएगा। कल कारखाने, उद्योग समूह भूमि भवन, कार्य करने वालों के लिए यह समय पूजन के लिए उत्तम रहेगा। इस लग्न में पूजन 9 बजकर 30 मिनट के बाद ही प्रारंभ करें तो अति उत्तम रहेगा।

मकर लग्न:- यह चर लग्न है। इस लग्न का समय प्रातः 11 बजकर 23 मिनट से दोपहर 1 बजकर 3 मिनट तक है। उक्त लग्न के समय लाभ तथा अमृत का चैघड़िया का विशेष संयोग प्राप्त हो रहा है, जो अति उत्तम रहेगा। योग कारक शुक्र का भाग्य स्थान में तथा गुरु की दृष्टि होने से उच्च का शनि दशम स्थान में होने से उत्तम योग बन रहे हैं। सौन्दर्य प्रसाधन होटेल व्यवसाय, कागज आदि उद्योग समूह तथा कल कारखाने वालों के लिए यह समय लक्ष्मी कुबेर के पूजन के लिए उत्तम रहेगा। फैशन के कपड़े, पार्लर, जिम, स्पा तथा होटेल और बार से सम्बन्धित व्यवसाय करने वालों के लिए भी मकर लग्न उत्तम रहेगा। कृषि से सम्बन्धित उद्योग, पशु पालन तथा डेयरी व्यवसाय वालों के लिए भी मकर लग्न श्रेष्ठ फलदायी है।

कुंभ लग्न:- यह स्थिर लग्न है। इस लग्न का समय दोपहर 1 बजकर 4 मिनट से 2 बजकर 34 मिनट तक रहेगा। इस लग्न में अमृत का चैघड़िया 1 बजकर 28 मिनट तक ही विद्यमान रहेगा। अतः कुंभ लग्न में पूजन का समय दोपहर 1 बजकर 28 मिनट तक ही मिल पाएगा, चूंकि 1 बजकर 29 मिनट से काल का चैघड़िया प्रारंभ होने से उत्तम नहीं होगा। इस लग्न में पूजन करने वालों को भाग्य स्थान में उच्च के शनि का तथा दशम में पंचमेश बुध का लाभ मिल रहा है। छोटे दुकानदार तथा किराना आदि का व्यवसाय करने वाले इस समय पूजन कर लाभ उठा सकते हैं।

मीन लग्न:- इस लग्न का समय दोपहर 2 बजकर 33 मिनट से 3 बजकर 58 मिनट तक रहेगा। इस लग्न में शुभ का चैघड़िया 2 बजकर 48 मिनट से मिलेगा। अतः भाग्येश मंगल का दशम स्थान में स्थित होना पूजन के लिए उत्तम स्थिति दर्शा रहा है।

मेष लग्न:- यह लग्न चर है। इस लग्न का समय दोपहर 3 बजकर 59 मिनट से सायं 5 बजकर 34 मिनट तक रहेगा। इस लग्न में शुभ का चैघड़िया 4 बजकर 8 मिनट तक ही रहेगा। इस लग्न में पूजन करने वाले उक्त समय का लाभ उठा सकते हैं। 4 बजकर 8 मिनट से रोग का चैघड़िया लगेगा जो अगले 24 मिनट तक रहेगा। आप इसके बाद अपनी सुविधानुसार पूजन कर सकते हैं। सैनेटरी, बिजली, खेल खिलौने, बेकरी तथा छोटे स्तर की फैक्ट्री या फिर ट्रेडिंग अथवा फर्नीचर आदि के व्यापार में साझेदारी करने वालों के लिए यह समय पूजन करने के लिए उत्तम रहेगा।

वृष लग्न:- यह लग्न स्थिर लग्न है। इस लग्न का समय सायं 5 बजकर 35 मिनट से रात्रि 7 बजकर 32 मिनट तक रहेगा। इस लग्न में 5 बजकर 28 मिनट से काल का चैघड़िया प्रारंभ हो रहा है, जो कि 7 बजकर 8 मिनट तक रहेगा। इस लग्न में 7 बजकर 8 मिनट से 7 बजकर 32 मिनट तक का ही समय लक्ष्मी कुबेर पूजन करने के लिए उचित रहेगा। लग्न में लाभेश बृहस्पति की उपस्थिति उत्तम योग दर्शा रही है।

मिथुन लग्न:- यह लग्न 7 बजकर 33 मिनट से प्रारंभ होकर रात्रि 9 बजकर 49 मिनट तक रहेगा। उक्त लग्न के समय लाभ का चैघड़िया रात्री 8 बजकर 48 मिनट तक रहेगा। इसके उपरान्त उद्वेग का चैघड़िया प्रारंभ हो जाएगा। घर में सुख समृद्धि के लिए लक्ष्मी कुबेर पूजन का यह उत्तम समय है। पंचमेश शुक्र का शुभ स्थान में स्थित होना। सुख समृद्धि की ओर इंगित कर रहा है। इस लग्न में पूजन 7 बजकर 32 मिनट से प्रारंभ करने का प्रयास करें, ताकि आपको लाभ के चैघड़िया का पूरा समय मिल सके।

कर्क लग्न:- यह चर लग्न है। यह लग्न 9 बजकर 45 मिनट से प्रारंभ होकर मध्य रात्रि 12 बजकर 5 मिनट तक रहेगा। 10 बजकर 28 मिनट से शुभ का चैघड़िया प्रारंभ हो रहा है। आय स्थान में देव गुरु बृहस्पति की उपस्थिति भाग्येश होकर उत्तम स्थिति दर्शा रही है। इस लग्न में कुछ समय महानिशीथ काल का भी समय पूजन के लिए मिल रहा है।

सिंह लग्न:- यह स्थिर लग्न है। इस लग्न का प्रारंभ रात्रि 12 बजकर 5 मिनट से अर्द्धरात्रि के बाद 2 बजकर 20 मिनट तक है। इस लग्न के समय शुभ अमृत तथा चर का चैघड़िया का विशेष संयोग मिल रहा है। साथ ही महानिशीथ काल का उत्तम समय भी मिल रहा है। अतः महानिशीथ काल में विशेष पूजा करने वालों के लिए, जैसे हवन, तंत्र मंत्र और यंत्र सिद्धि और महालक्ष्मीजाप, अनुष्ठान आदि के लिए यह समय सर्वश्रेष्ठ है। क्योंकि शुभ अमृत का चैघड़िया भी इस समय विद्यमान रहेगा। जिन महानुभावों का व्यापार या कारोबार धीमा चल रहा है, आर्थिक कष्ट दूर नहीं हो रहे हैं, उनके लिए भी यह समय उत्तम है। इस समय लाल कमल के फूल को गाय के घी में डूबोकर श्रीसूक्त की ऋचाओं (मंत्र) तथा श्री लक्ष्मी सूक्त मंत्र के साथ हवन करें तो यह वर्ष आपके लिए अत्यन्त ही सुख समृद्धि कारक रहेगा।

अहोई अष्टमी व्रत (( 6 नवम्बर 2012 विशेष ))


अहोई अष्टमी का व्रत कार्तिक कृष्ण अष्टमी के दिन किया जाता है। पुत्रवती महिलाओं के लिए यह व्रत अत्यन्त महत्वपूर्ण है। मां तो मां होती है। उसकी हर सांस से बच्चों के लिए दुआएं निकलती हैं। अहोई अष्टमी के दिन पुत्रवती माताओं के लिए बेशकीमती होगा। इस दिन मां अपने बच्चों के दीर्घजीवन के लिए अहोई माता से आशीष मांगेंगी। माताएं अहोई अष्टमी के व्रत में दिन भर उपवास रखती हैं और सायंकाल तारे दिखाई देने के समय होई का पूजन किया जाता है। यह होई गेरु आदि के द्वारा दीवाल पर बनाई जाती है अथवा किसी मोटे वस्त्र पर होई काढकर पूजा के समय उसे दीवाल पर टांग दिया जाता है।

होई के चित्रांकन में ज्यादातर आठ कोष्ठक की एक पुतली बनाई जाती है। उसी के पास साही तथा उसके बच्चों की आकृतियां बना दी जाती हैं।

उत्तर भारत के विभिन्न अंचलों में अहोईमाता का स्वरूप वहां की स्थानीय परंपरा के अनुसार बनता है। सम्पन्न घर की महिलाएं चांदी की होई बनवाती हैं। जमीन पर गोबर से लीपकर कलश की स्थापना होती है। अहोईमाता की पूजा करके उन्हें दूध-चावल का भोग लगाया जाता है। तत्पश्चात एक पाटे पर जल से भरा लोटा रखकर कथा सुनी जाती है। अहोईअष्टमी की दो लोक कथाएं प्रचलित हैं। उसमें से एक कथा में साहूकार की पुत्री के द्वारा घर को लीपने के लिए मिट्टी लाते समय मिट्टी खोदने हेतु खुरपा(कुदाल) चलाने से साही के बच्चों के मरने से संबंधित है। इस कथा से यह शिक्षा मिलती है कि हमें कोई भी काम अत्यंत सावधानी से करना चाहिए अन्यथा हमारी जरा सी गलती से किसी का ऐसा बडा नुकसान हो सकता है, जिसकी हम भरपाई न कर सकें और तब हमें उसका कठोर प्रायश्चित करना पडेगा। इस कथा से अहिंसा की प्रेरणा भी मिलती है। अहोईअष्टमी की दूसरी कथा मथुरा जिले में स्थित राधाकुण्डमें स्नान करने से संतान-सुख की प्राप्ति के संदर्भ में है। अहोई अष्टमी के दिन पेठे का दान करें।


अहोई अष्टमी व्रत कथा


प्राचीन काल में किसी नगर में एक साहूकार रहता था। उसके सात लड़के थे। दीपावली से पहले साहूकार की स्त्री घर की लीपापेती हेतु मिट्टी लेने खदान में गई और कुदाल से मिट्टी खोदने लगी। दैवयोग से उसी जगह एक सेह की मांद थी। सहसा उस स्त्री के हाथ से कुदाल से के बच्चे को लग गई जिससे सेह का बच्चा तत्काल मर गया। अपने हाथ से हई हत्या को लेकर साहूकार की पत्नी को बहुत दुख हुआ परन्तु अब क्या हो सकता था! वह शोकाकुल पश्चाताप करती हुई अपने घर लौट आई। 


कुछ दिनों बाद उसका बेटे का निधन हो गया। फिर अकस्मात् दूसरा, तीसरा और इस प्रकार वर्ष भर में उसके सभी बेटे मर गए। महिला अत्यंत व्यथित रहने लगी। एक दिन उसने अपने आस-पड़ोस की महिलाओं को विलाप करते हुए बताया कि उसने जानबूझ कर कभी कोई पाप नहीं किया। हाँ, एक बार खदान में मिट्टी खोदते हुए अंजाने में उससे एक सेह के बच्चे की हत्या अवश्य हुई है और तत्पश्चात मेरे सातों बेटों की मृत्यु हो गई। 



यह सुनकर पास-पड़ोस की वृद्ध औरतों ने साहूकार की पत्नी को दिलासा देते हुए कहा कि यह बात बताकर तुमने जो पश्चाताप किया है उससे तुम्हारा आधा पाप नष्ट हो गया है। तुम उसी अष्टमी को भगवती माता की शरण लेकर सेह और सेह के बच्चों का चित्र बनाकर उनकी अराधना करो और क्षमा-याचना करो। ईश्वर की कृपा से तुम्हारा पाप धुल जाएगा। साहूकार की पत्नी ने वृद्ध महिलाओं की बात मानकर कार्तिक मास की कृष्ण पक्ष की अष्टमी को उपवास व पूजा-याचना की। वह हर वर्ष नियमित रूप से ऐसा करने लगी। बाद में उसे सात पुत्र रत्नों की प्राप्ती हुई। तभी से अहोई व्रत की परम्परा प्रचलित हो गई। 

व्रत कथा 2 (व्रत कथा 2 चित्र - पेज 1 पेज-2)

बहुत समय पहले झाँसी के निकट एक नगर में चन्द्रभान नामक साहूकार रहता था। उसकी पत्नी चन्द्रिका बहुत सुंदर, सर्वगुण सम्पन्न, सती साध्वी, शिलवन्त चरित्रवान तथा बुद्धिमान थी। उसके कई पुत्र-पुत्रियां थी परंतु वे सभी बाल अवस्था में ही परलोक सिधार चुके थे। दोनो पति-पत्नी संतान न रह जाने से व्यथित रहते थे। वे दोनों प्रतिदिन मन में सोचते कि हमारे मर जाने के बाद इस अपार धन-संपदा को कौन संभालेगा! एकबार उन दोनों ने निश्चय किया कि वनवास लेकर शेष जीवन प्रभु-भक्ति में व्यतीत करें। इस प्रकार वे दोनों अपना घर-बार त्यागकर वनों की ओर चल दिए। रास्ते में जब थक जाते तो रुक कर थोड़ा विश्राम कर लेते और फिर चल पड़ते। इस प्रकार धीरे-धीरे वे बद्रिका आश्रम के निकट शीतल कुण्ड जा पहुंचे। वहां पहुंचकर दोनों ने निराहार रह कर प्राण त्यागने का निश्चय कर लिया। इस प्रकार निराहार व निर्जल रहते हुए उन्हें सात दिन हो गए तो आकाशवाणी हुई कि तुम दोनों प्राणी अपने प्राण मत त्यागो। यह सब दुख तुम्हें तुम्हारे पूर्व पापों से भोगना पड़ा है। यदि तुम्हारी पत्नी कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष में आने वाली अहोई अष्टमी को अहोई माता का व्रत और पूजन करे तो अहोई देवी प्रसन्न होकर साक्षात दर्शन देगी। तुम उससे दीर्घायु पुत्रों का वरदान मांग लेना। व्रत के दिन तुम राधाकुण्ड में स्नान करना। 

चन्द्रिका ने आकाशवाणी के बताए अनुसार विधि-विधान से अहोई अष्टमी को अहोई माता का व्रत और पूजा-अर्चना की और तत्पश्चात राधाकुण्ड में स्नान किया। जब वे स्नान इत्यादि के बाद घर पहुँचे तो उस दम्पत्ति को अहोई माता ने साक्षात दर्शन देकर वर मांगने को कहा। साहूकार दम्पत्ति ने हाथ जोड़कर कहा, “हमारे बच्चे कम आयु में ही प्रलोक सिधार जाते है। आप हमें बच्चों की दीर्घायु का वरदान दें। 

“तथास्तु!” कहकर अहोई माता अंतर्ध्यान हो गई। 

कुछ समय के बाद साहूकार दम्पत्ति को दीर्घायु पुत्रों की प्राप्ति हुई और वे सुख पूर्वक अपना गृहस्थ जीवन व्यतीत करने लगे।



व्रत विधि

अहोई व्रत के दिन प्रात: उठकर स्नान करें और पूजा पाठ करके अपनी संतान की दीर्घायु एवं सुखमय जीवन हेतु कामना करते हुए, मैं अहोई माता का व्रत कर रही हूं, ऐसा संकल्प करें। अहोई माता मेरी संतान को दीर्घायु, स्वस्थ एवं सुखी रखे। अनहोनी को होनी बनाने वाली माता देवी पार्वती हैं इसलिए माता पर्वती की पूजा करें। अहोई माता की पूजा के लिए गेरू से दीवार पर अहोई माता का चित्र बनाएं और साथ ही सेह और उसके सात पुत्रों का चित्र बनाएं। संध्या काल में इन चित्रों की पूजा करें। अहोई पूजा में एक अन्य विधान यह भी है कि चांदी की अहोई बनाई जाती है जिसे सेह या स्याहु कहते हैं। इस सेह की पूजा रोली, अक्षत, दूध व भात से की जाती है। पूजा चाहे आप जिस विधि से करें लेकिन दोनों में ही पूजा के लिए एक कलश में जल भर कर रख लें। पूजा के बाद अहोई माता की कथा सुने और सुनाएं।पूजा के पश्चात सासु-मां के पैर छूएं और उनका आशीर्वाद प्राप्त करें। इसके पश्चात व्रती अन्न जल ग्रहण करें।

इस दिन पंडितों को पेठा दान करने से शुभ फल की प्राप्ति होती है ।



अहोई अष्टमी उघापन विधि


जिस स्त्री का पुत्र न हो अथवा उसके पुत्र का विवाह हुआ हो, उसे उघापन अवश्य करना चाहिए. इसके लिए, एक थाल मे सात जगह चार-चार पूरियां एवं हलवा रखना चाहिए. इसके साथ ही पीत वर्ण की पोशाक-साडी, ब्लाउज एवं रूपये आदि रखकर श्रद्धा पूर्वक अपनी सास को उपहार स्वरूप देना चाहिए. उसकी सास को चाहिए की, वस्त्रादि को अपने पास रखकर शेष सामग्री हलवा-पूरी आदि को अपने पास-पडोस में वितरित कर दे. यदि कोई कन्या हो तो उसके यहां भेज दे.



आरती श्री अहोई माता की आरती

जय अहोई माता, जय अहोई माता! 
तुमको निसदिन ध्यावत हर विष्णु विधाता। टेक।।
ब्राहमणी, रुद्राणी, कमला तू ही है जगमाता।
सूर्य-चंद्रमा ध्यावत नारद ऋषि गाता।। जय।।
माता रूप निरंजन सुख-सम्पत्ति दाता।।
जो कोई तुमको ध्यावत नित मंगल पाता।। जय।।
तू ही पाताल बसंती, तू ही है शुभदाता।
कर्म-प्रभाव प्रकाशक जगनिधि से त्राता।। जय।।
जिस घर थारो वासा वाहि में गुण आता।।
कर न सके सोई कर ले मन नहीं धड़काता।। जय।।
तुम बिन सुख न होवे न कोई पुत्र पाता।
खान-पान का वैभव तुम बिन नहीं आता।। जय।।
शुभ गुण सुंदर युक्ता क्षीर निधि जाता।
रतन चतुर्दश तोकू कोई नहीं पाता।। जय।।
श्री अहोई माँ की आरती जो कोई गाता।
उर उमंग अति उपजे पाप उतर जाता।।



खाटू श्याम

खाटू  श्याम

कैसे बने श्यामबाबा खाटू के

हमारे देश में बहुत से ऐसे धार्मिक स्थल हैं जो अपने चमत्कारों व वरदानों के लिए प्रसिद्ध हैं। उन्हीं मंदिरों में से एक है राजस्थान का प्रसिद्ध खाटू श्याम मंदिर। इस मंदिर में भीम के पौत्र और घटोत्कच के पुत्र बर्बरीक की श्याम यानी कृष्ण के रूप में पूजा की जाती है। इस मंदिर के लिए कहा जाता है कि जो भी इस मंदिर में जाता है उन्हें श्यामबाबा का नित नया रूप देखने को मिलता है। कई लोगों को तो इस विग्रह में कई बदलाव भी नजर आते है। कभी मोटा तो कभी दुबला। कभी हंसता हुआ तो कभी ऐसा तेज भरा कि नजरें भी नहीं टिक पातीं। श्यामबाबा का धड़ से अलग शीष और धनुष पर तीन वाण की छवि वाली मूर्ति यहां स्थापित की गईं। कहते हैं कि मन्दिर की स्थापना महाभारत युद्ध की समाप्ति के बाद स्वयं भगवान कृष्ण ने अपने हाथों की थी।

बालक बर्बरीक यानी श्यामबाबा के बारे में मान्यता है कि यह बाल्यकाल से ही बहुत वीर और महान योद्धा थे। उन्होंने भगवान शिव को प्रसन्न करके उनसे तीन अभेद्य वाण प्राप्त किए थे। इसी कारण इन्हें तीन वाण धारी नाम भी प्राप्त हुआ। स्वयं अग्निदेव ने उनसे प्रसन्न होकर उन्हें ऐसा धनुष प्रदान किया था, जिससे वह तीनों लोकों में विजय प्राप्त करने का सामर्थ्य रखते थे। जब महाभारत का युद्ध शुरू हुआ तो बर्बरीक ने भी माता के सामने इस युद्ध में जाने की इच्छा प्रकट की। उन्होंने माता से पूछा-  इस युद्ध में मैं किसका साथ दूं? माता ने सोचा कौरवों के साथ तो उनकी विशाल सेना, स्वयं भीष्म पितामह, गुरु द्रोण, कृपाचार्य, अंगराज कर्ण जैसे महारथी हैं। इनके सामने पांडव अवश्य ही हार जाएंगे। ऐसा सोच माता बालक बर्बरीक से बोलीं- पुत्र, जो हार रहा हो तुम उसी का सहारा बनना। बालक बर्बरीक ने माता को वचन दिया कि वह ऐसा ही करेंगे। अब वह अपने लीले (नीले) घोड़े पर सवार हो युद्ध भूमि की ओर प्रस्थान कर गए।

अंतर्यामी, सर्वव्यापी भगवान श्रीकृष्ण युद्ध का अंत जानते थे। इसीलिए उन्होंने सोचा कि अगर कौरवों को हारता देखकर बर्बरीक कौरवों का साथ देने लगा तो पांडवों की हार निश्चित है। इसलिए लीलाधर भगवान श्रीकृष्ण ने ब्राह्मण का वेश धारण कर चालाकी से बालक बर्बरीक का शीश दान में मांग लिया। बालक बर्बरीक सोच में पड़ गया कि कोई ब्राह्मण मेरा शीश क्यों मांगेगा? ऐसा सोच उन्होंने ब्राह्मण से उनका वास्तविक रूप में दर्शन की इच्छा व्यक्त की। तब भगवान श्रीकृष्ण ने उन्हें अपने विराट रूप के दर्शन कराए। बर्बरीक ने भगवान श्रीकृष्ण से अपने शीषदान के बदले सम्पूर्ण युद्ध देखने की इच्छा प्रकट की। भगवान बोले- ऐसा ही होगा। ऐसा सुन बालक बर्बरीक ने अपने आराध्य देवी-देवताओं का वन्दन किया। माता को नमन किया और फिर कमर से कटार खींचकर एक ही वार में अपने शीश को धड़ से अलग कर श्रीकृष्ण को दान कर डाला। श्रीकृष्ण ने तेजी से उनके शीश को अपने हाथ में उठा लिया एवं अमृत से सींचकर अमर करते हुए युद्ध भूमि के समीप ही सबसे ऊंची पहाड़ी पर एक पेड़ की शाखा पर सुशोभित कर दिया, जहां से बर्बरीक सम्पूर्ण युद्ध देख सकते थे।

महाभारत का युद्ध शुरू हुआ। बर्बरीक मौन हो सब देखते रहे। युद्ध की समाप्ति पर कौरवों का अंत हुआ और पांडव विजयी हुए। सभी आत्मप्रशंसा में लग गए कि उन्हीं के कारण विजय प्राप्त हुई है। आखिरकार निर्णय के लिए सभी श्रीकृष्ण के पास गये। भगवान श्रीकृष्ण बोले- मैं तो स्वयं व्यस्त था। इसीलिए मैं किसी का पराक्रम नहीं देख सका। ऐसा करते हैं हम सभी भीम के पौत्र बर्बरीक के पास चलते हैं। वहीं से सही निर्णय मिल सकेगा। बर्बरीक के शीशदान की कहानी अब तक पांडवों को मालूम नहीं हुई थी। बर्बरीक के पास पहुंच कर भगवान श्रीकृष्ण ने उनसे पांडवों के पराक्रम के बारें में जानना चाहा। बर्बरीक के शीश ने उत्तर दिया - भगवन युद्ध में तो चारों ओर आपका सुदर्शन नाच रहा था और जगदम्बा खप्पर भर-भर लहू का पान कर रहीं थीं। मुझे तो ये पांडव लोग विशेष पराक्रम दिखाते कहीं भी नजर नहीं आए सिवाय मेरे दादा भीम के जिन्होंने कुछ ही देर में दुर्योधन का लहू निकाला और दुषासन के हाथ उखाड़ डाले। बर्बरीक के उत्तर को सुन सभी महारथियों की नजरें नीचे झुक गईं। तब श्रीकृष्ण ने बर्बरीक का सभी से परिचय कराया कि यही वीर घटोत्कच का पुत्र और भीम का पोता है, जिसको शिवजी ने तीन अचूक मार करने वाले वाण दिये और अग्निदेव ने अजेय धनुष दिया है। उसी समय श्रीकृष्ण ने बर्बरीक पर प्रसन्न होकर उन्हें अपना नाम श्याम दिया तथा अपनी सोलह कलाएं दीं।

अपनी शक्तियां प्रदान करते हुए भगवान श्रीकृष्ण बोले- बर्बरीक धरती पर तुम से बड़ा दानी ना तो कोई हुआ है और ना ही होगा। मां को दिए वचन के अनुसार... तुम इस पृथ्वी पर हारे का सहारा बनोगे। कल्याण की भावना से जो लोग तुम्हारे दरबार में तुमसे जो भी मांगेंगे उन्हें वह अवश्य मिलेगा। तुम्हारे दर पर सभी की इच्छाएं पूर्ण होंगी ऐसा मेरा वरदान और शक्ति तुम्हारे पास चारों युगों में रहेंगी। तुम्हारे मन्दिर स्थल पर बारह महीने श्रद्धालुओं और भक्तों का मेला लगा रहेगा।

स्कंद षष्ठी व्रत ( 5 नवम्बर 2012 विशेष )

स्कंद षष्ठी व्रत (  5 नवम्बर 2012  विशेष  )
स्कंद षष्ठी व्रत

कार्तिक मास कृष्णपक्ष की षष्ठी का उल्लेख स्कन्द-षष्ठी के नाम से किया जाता है. इस वर्ष यह व्रत 5 नवम्बर 2012  को सोमवार के दिन मनाया जाएगा. पुराणों के अनुसार षष्ठी तिथि को कार्तिकेय भगवान का जन्म हुआ था इसलिए इस दिन स्कन्द भगवान की पूजा का विशेष महत्व है, पंचमी से युक्त षष्टी तिथि को व्रत के श्रेष्ठ माना गया है व्रती को पंचमी से ही उपवास करना आरंभ करना चाहिए और षष्ठी को भी उपवास रखते हुए स्कन्द भगवान की पूजा का विधान है.
इस व्रत की प्राचीनता एवं प्रामाणिकता स्वयं परिलक्षित होती है. इस कारण यह व्रत श्रद्धाभाव से मनाया जाने वाले पर्व का रूप धारण करता है. स्कंद षष्ठी के संबंध में मान्यता है कि राजा शर्याति और भार्गव ऋषि च्यवन का भी ऐतिहासिक कथानक जुड़ा है कहते हैं कि स्कंद षष्ठी की उपासना से च्यवन ऋषि को आँखों की ज्योति प्राप्त हुई.
ब्रह्मवैवर्तपुराण में बताया गया है कि स्कंद षष्ठी की कृपा से प्रियव्रत का मृत शिशु जीवित हो जाता है. स्कन्द षष्ठी पूजा की पौरांणिक परम्परा जुड़ी है, भगवान शिव के तेज से उत्पन्न बालक स्कन्द की छह कृतिकाओं ने स्तनपान करा रक्षा की थी इनके छह मुख हैं और उन्हें कार्तिकेय नाम से पुकारा जाने लगा. पुराण व उपनिषद में इनकी महिमा का उल्लेख मिलता है.

स्कंद षष्ठी पूजन

स्कंद षष्ठी इस अवसर पर शंकर-पार्वती को पूजा जाता है. मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना की जाती है.इसमें स्कंद देव स्थापना करके पूजा की जाती है तथा अखंड दीपक जलाए जाते हैं. भक्तों द्वारा स्कंद षष्ठी महात्म्य का नित्य पाठ किया करते हैं. भगवान को स्नान, पूजा, नए वस्त्र पहनाए जाते हैं.  इस दिन भगवान को भोग लगाते हैं, विशेष कार्य की सिद्धि के लिए इस समय कि गई पूजा-अर्चना विशेष फलदायी होती है. इस में साधक तंत्र साधना भी करते हैं, इस में मांस, शराब, प्याज, लहसुन का त्याग करना चाहिए और ब्रह्मचार्य का संयम रखना आवश्यक होता है.

स्कंद कथा 

कार्तिकेय की जन्म कथा के विषय में पुराणों में ज्ञात होता है कि जब दैत्यों का अत्याचार ओर आतंक फैल जाता है और देवताओं को पराजय का समाना करना पड़ता है जिस कारण सभी देवता भगवान ब्रह्मा जी के पास पहुंचते हैं और अपनी रक्षार्थ उनसे प्रार्थना करते हैं ब्रह्मा उनके दुख का जानकर उनसे कहते हैं कि तारक का अंत भगवान शिव के पुत्र द्वारा ही संभव है परंतु सती के अंत के पश्चात भगवान शिव गहन साधना में लीन हुए रहते हैं.
इंद्र और अन्य देव भगवान शिव के पास जाते हैं, तब भगवान शिव उनकी पुकार सुनकर पार्वती से विवाह करते हैं. शुभ घड़ी और शुभ मुहूर्त में शिव जी और पार्वती का विवाह हो जाता है. इस प्रकार कार्तिकेय का जन्म होता है और कार्तिकेय तारकासुर का वध करके देवों को उनका स्थान प्रदान करते हैं.

स्कंद षष्ठी महत्व

स्कंद शक्ति के अधिदेव हैं, देवताओं ने इन्हें अपना सेनापतित्व प्रदान किया मयूरा पर आसीन देवसेनापति कुमार कार्तिक की आराधना दक्षिण भारत मे सबसे ज्यादा होती है, यहां पर यह मुरुगन नाम से विख्यात हैं . प्रतिष्ठा, विजय, व्यवस्था, अनुशासन सभी कुछ इनकी कृपा से सम्पन्न  होते हैं.  स्कन्द पुराण के मूल उपदेष्टा कुमार कार्तिकेय ही हैं तथा यह पुराण सभी पुराणों में सबसे विशाल है.
स्कंद भगवान हिंदु धर्म के प्रमुख देवों मे से एक हैं, स्कंद को कार्तिकेय और मुरुगन नामों से भी पुकारा जाता है. दक्षिण भारत में पूजे जाने वाले प्रमुख देवताओं में से एक भगवान कार्तिकेय शिव पार्वती के पुत्र हैं, कार्तिकेय भगवान  के अधिकतर भक्त तमिल हिन्दू हैं. इनकी पूजा मुख्यत: भारत के दक्षिणी राज्यों और विशेषकर तमिलनाडु में होती है. भगवान स्कंद के सबसे प्रसिद्ध मंदिर तमिलनाडू में ही स्थित हैं.

व्रत विधि

व्रती (व्रत रखने वाला) को सुबह जल्दी स्नान करने के पश्चात भगवान कार्तिकेय का विधि-विधान से पूजन करना चाहिए तथा उपवास रखना चाहिए। व्रती को इस दिन ब्राह्मी का रस और घी पीना चाहिए। ब्राह्मी का रस और घी की मात्रा किसी योग्य वैद्य से पूछकर निर्धारित करना चाहिए। इस व्रत को करने से विद्यार्थी सभी परीक्षाओं में उत्तीर्ण होता है। इस दिन स्कंद माता की पूजा करने का भी विधान है। महिलाएं यदि स्कंद माता की विधि-विधान से पूजा करें तो उन्हें उत्तम संतान की प्राप्ति होती है।

करवा चौथ व्रत

करवा चौथ व्रत

करवा चौथ हिन्दुओं का एक प्रमुख त्योहार है। यह  संपूर्ण भारत का पर्व है। यह कार्तिक मास की कृष्ण पक्ष की चतुर्थी को मनाया जाता है। यह पर्व सौभाग्यवती(सुहागिन) स्त्रियाँ मनाती हैं। यह व्रत सुबह सूर्योदय से पहले करीब ४ बजे के बाद शुरू होकर रात में चंद्रमा दर्शन के बाद संपूर्ण होता है।
ग्रामीण स्त्रियों से लेकर आधुनिक महिलाओं तक सभी नारियाँ करवाचौथ का व्रत बडी़ श्रद्धा एवं उत्साह के साथ रखती हैं। शास्त्रों के अनुसार यह व्रत कार्तिक मास के कृष्णपक्ष की चन्द्रोदय व्यापिनी चतुर्थी के दिन करना चाहिए। पति की दीर्घायु एवं अखण्ड सौभाग्य की प्राप्ति के लिए इस दिन भालचन्द्र गणेश जी की अर्चना की जाती है। करवाचौथ में भी संकष्टीगणेश चतुर्थी की तरह दिन भर उपवास रखकर रात में चन्द्रमा को अ‌र्घ्य देने के उपरांत ही भोजन करने का विधान है। वर्तमान समय में करवाचौथ व्रतोत्सव ज्यादातर महिलाएं अपने परिवार में प्रचलित प्रथा के अनुसार ही मनाती हैं लेकिन अधिकतर स्त्रियां निराहार रहकर चन्द्रोदय की प्रतीक्षा करती हैं।



कार्तिक कृष्ण पक्ष की चतुर्थी को करकचतुर्थी (करवा-चौथ) व्रत करने का विधान है। इस व्रत की विशेषता यह है कि केवल सौभाग्यवती स्त्रियों को ही यह व्रत करने का अधिकार है। स्त्री किसी भी आयु, जाति, वर्ण, संप्रदाय की हो, सबको इस व्रत को करने का अधिकार है। जो सौभाग्यवती (सुहागिन) स्त्रियाँ अपने पति की आयु, स्वास्थ्य व सौभाग्य की कामना करती हैं वे यह व्रत रखती हैं।

इस व्रत सौभाग्यवती स्त्रियां दिनभर निराहार रह कर सायंकाल चंद्रमा के उदित हो जाने पर पूजन कर चंद्रमा को अर्घ्‍य देकर फिर भोजन ग्रहण किया जाता है। सोने, चाँदी या मिट्टी के करवे का आपस में आदान-प्रदान किया जाता है, जो आपसी प्रेम-भाव को बढ़ाता है। पूजन करने के बाद महिलाएँ अपने सास-ससुर एवं बड़ों को प्रणाम कर उनका आशीर्वाद लेती हैं।
यह व्रत 12 वर्ष तक अथवा 16 वर्ष तक लगातार हर वर्ष किया जाता है। अवधि पूरी होने के पश्चात इस व्रत का उद्यापन (उपसंहार) किया जाता है। जो सुहागिन स्त्रियाँ आजीवन रखना चाहें वे जीवनभर इस व्रत को कर सकती हैं। इस व्रत के समान सौभाग्यदायक व्रत अन्य कोई दूसरा नहीं है। अतः सुहागिन स्त्रियाँ अपने सुहाग की रक्षार्थ इस व्रत का सतत पालन करें।

करवा चौथ 2 नवंबर 2012 , शुक्रवार विशेष

हिंदू पंचांग के अनुसार कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की चतुर्थी को करवा चौथ का पर्व मनाया जाता है। यह पर्व पति-पत्नी के अमर प्रेम का प्रतीक है। इस बार यह पर्व 2 नवंबर, शुक्रवार को है। ज्योतिषियों के अनुसार करवा चौथ पर इस बार तीन शुभ संयोग बन रहे हैं जो पति-पत्नी में प्रेम बढ़ाने के साथ-साथ धन-संपत्ति भी प्रदान करेंगे।

इस बार करवा चौथ पर जो सबसे विशेष योग बन रहा है वह है गजकेसरी योग। यह योग पति-पत्नी में प्रेम बढ़ाने वाला रहेगा। ज्योतिषियों के अनुसार करवा चौथ के दिन चंद्रमा और गुरु एक ही राशि वृषभ में रहेंगे जो कि चंद्रमा की उच्च राशि है। चूंकि गुरु को दांपत्य जीवन का कारक ग्रह माना जाता है इसलिए इस योग में करवा चौथ का पर्व मनाने से पूरे वर्ष दांपत्य जीवन सुखी रहेगा। इससे पहले करवा चौथ पर गजकेसरी योग का संयोग 2007 में बना था।

साथ ही इस बार करवा चौथ का पर्व मृगशिरा नक्षत्र में मनाया जाएगा। मृगशिरा नक्षत्र का स्वामी मंगल है और चंद्र-मंगल का दृष्टि संबंध भी बन रहा है। इससे धन-संपत्ति प्रदान करने वाला लक्ष्मी योग बनेगा जो कि बहुत ही शुभ माना जाता है।

ज्योतिषियों के अनुसार करवा चौथ पर वृषभ का चंद्रोदय हो रहा है, जिसका स्वामी शुक्र है और शुक्र सौंदर्य एवं आभूषण का अधिपति ग्रह माना गया है, जो कि महिलाओं के जीवन में समृद्धि की वर्षा करेगा एवं शुभता लाएगा। यह पर्व शुक्रवार को होने से इसका महत्व और भी बढ़ गया है।

व्रत की विधि
कार्तिक कृष्ण पक्ष की चंद्रोदय व्यापिनी चतुर्थी अर्थात उस चतुर्थी की रात्रि को जिसमें चंद्रमा दिखाई देने वाला है, उस दिन प्रातः स्नान करके अपने सुहाग (पति) की आयु, आरोग्य, सौभाग्य का संकल्प लेकर दिनभर निराहार रहें।
पूजन
उस दिन भगवान शिव-पार्वती, स्वामी कार्तिकेय, गणेश एवं चंद्रमा का पूजन करें। पूजन करने के लिए बालू अथवा सफेद मिट्टी की वेदी बनाकर उपरोक्त वर्णित सभी देवों को स्थापित करें।
नैवेद्य
शुद्ध घी में आटे को सेंककर उसमें शक्कर अथवा खांड मिलाकर मोदक (लड्डू) नैवेद्य हेतु बनाएँ।
करवा
काली मिट्टी में शक्कर की चासनी मिलाकर उस मिट्टी से तैयार किए गए मिट्टी के करवे अथवा तांबे के बने हुए करवे।
संख्‍या
10 अथवा 13 करवे अपनी सामर्थ्य अनुसार रखें।
पूजन विधि
बालू अथवा सफेद मिट्टी की वेदी पर शिव-पार्वती, स्वामी कार्तिकेय, गणेश एवं चंद्रमा की स्थापना करें। मूर्ति के अभाव में सुपारी पर नाड़ा बाँधकर देवता की भावना करके स्थापित करें। पश्चात यथाशक्ति देवों का पूजन करें।
पूजन हेतु निम्न मंत्र बोलें



'ॐ शिवायै नमः' से पार्वती का, 'ॐ नमः शिवाय' से शिव का, 'ॐ षण्मुखाय नमः' से स्वामी कार्तिकेय का, 'ॐ गणेशाय नमः' से गणेश का तथा 'ॐ सोमाय नमः' से चंद्रमा का पूजन करें।

करवों में लड्डू का नैवेद्य रखकर नैवेद्य अर्पित करें। एक लोटा, एक वस्त्र व एक विशेष करवा दक्षिणा के रूप में अर्पित कर पूजन समापन करें। करवा चौथ व्रत की कथा पढ़ें अथवा सुनें।
सायंकाल चंद्रमा के उदित हो जाने पर चंद्रमा का पूजन कर अर्घ्य प्रदान करें। इसके पश्चात ब्राह्मण, सुहागिन स्त्रियों व पति के माता-पिता को भोजन कराएँ। भोजन के पश्चात ब्राह्मणों को यथाशक्ति दक्षिणा दें।
पति की माता (अर्थात अपनी सासूजी) को उपरोक्त रूप से अर्पित एक लोटा, वस्त्र व विशेष करवा भेंट कर आशीर्वाद लें। यदि वे जीवित न हों तो उनके तुल्य किसी अन्य स्त्री को भेंट करें। इसके पश्चात स्वयं व परिवार के अन्य सदस्य भोजन करें।

कथा

पौराणिक कथा  

एक बार पांडु पुत्र अर्जुन तपस्या करने नीलगिरी नामक पर्वत पर गए। इधर द्रोपदी बहुत परेशान थीं। उनकी कोई खबर न मिलने पर उन्होंने कृष्ण भगवान का ध्यान किया और अपनी चिंता व्यक्त की। कृष्ण भगवान ने कहा- बहना, इसी तरह का प्रश्न एक बार माता पार्वती ने शंकरजी से किया था।

तब शंकरजी ने माता पार्वती को करवा चौथ का व्रत बतलाया। इस व्रत को करने से स्त्रियाँ अपने सुहाग की रक्षा हर आने वाले संकट से वैसे ही कर सकती हैं जैसे एक ब्राह्मण ने की थी। प्राचीनकाल में एक ब्राह्मण था। उसके चार लड़के एवं एक गुणवती लड़की थी।

एक बार लड़की मायके में थी, तब करवा चौथ का व्रत पड़ा। उसने व्रत को विधिपूर्वक किया। पूरे दिन निर्जला रही। कुछ खाया-पीया नहीं, पर उसके चारों भाई परेशान थे कि बहन को प्यास लगी होगी, भूख लगी होगी, पर बहन चंद्रोदय के बाद ही जल ग्रहण करेगी।

भाइयों से न रहा गया, उन्होंने शाम होते ही बहन को बनावटी चंद्रोदय दिखा दिया। एक भाई पीपल की पेड़ पर छलनी लेकर चढ़ गया और दीपक जलाकर छलनी से रोशनी उत्पन्न कर दी। तभी दूसरे भाई ने नीचे से बहन को आवाज दी- देखो बहन, चंद्रमा निकल आया है, पूजन कर भोजन ग्रहण करो। बहन ने भोजन ग्रहण किया।
भोजन ग्रहण करते ही उसके पति की मृत्यु हो गई। अब वह दुःखी हो विलाप करने लगी, तभी वहाँ से रानी इंद्राणी निकल रही थीं। उनसे उसका दुःख न देखा गया। ब्राह्मण कन्या ने उनके पैर पकड़ लिए और अपने दुःख का कारण पूछा, तब इंद्राणी ने बताया- तूने बिना चंद्र दर्शन किए करवा चौथ का व्रत तोड़ दिया इसलिए यह कष्ट मिला।

अब तू वर्ष भर की चौथ का व्रत नियमपूर्वक करना तो तेरा पति जीवित हो जाएगा। उसने इंद्राणी के कहे अनुसार चौथ व्रत किया तो पुनः सौभाग्यवती हो गई। इसलिए प्रत्येक स्त्री को अपने पति की दीर्घायु के लिए यह व्रत करना चाहिए। द्रोपदी ने यह व्रत किया और अर्जुन सकुशल मनोवांछित फल प्राप्त कर वापस लौट आए। तभी से हिन्दू महिलाएँ अपने अखंड सुहाग के लिए करवा चौथ व्रत करती हैं।


प्रचलित कथाएँ

प्रथम कथा

बहुत समय पहले की बात है, एक साहूकार के सात बेटे और उनकी एक बहन करवा थी। सभी सातों भाई अपनी बहन से बहुत प्यार करते थे। यहाँ तक कि वे पहले उसे खाना खिलाते और बाद में स्वयं खाते थे। एक बार उनकी बहन ससुराल से मायके आई हुई थी। शाम को भाई जब अपना व्यापार-व्यवसाय बंद कर घर आए तो देखा उनकी बहन बहुत व्याकुल थी। सभी भाई खाना खाने बैठे और अपनी बहन से भी खाने का आग्रह करने लगे, लेकिन बहन ने बताया कि उसका आज करवा चौथ का निर्जल व्रत है और वह खाना सिर्फ चंद्रमा को देखकर उसे अर्घ्‍य देकर ही खा सकती है। चूँकि चंद्रमा अभी तक नहीं निकला है, इसलिए वह भूख-प्यास से व्याकुल हो उठी है। सबसे छोटे भाई को अपनी बहन की हालत देखी नहीं जाती और वह दूर पीपल के पेड़ पर एक दीपक जलाकर चलनी की ओट में रख देता है। दूर से देखने पर वह ऐसा प्रतीत होता है कि जैसे चतुर्थी का चाँद उदित हो रहा हो। इसके बाद भाई अपनी बहन को बताता है कि चाँद निकल आया है, तुम उसे अर्घ्य देने के बाद भोजन कर सकती हो। बहन खुशी के मारे सीढ़ियों पर चढ़कर चाँद को देखती है, उसे अर्घ्‍य देकर खाना खाने बैठ जाती है। वह पहला टुकड़ा मुँह में डालती है तो उसे छींक आ जाती है। दूसरा टुकड़ा डालती है तो उसमें बाल निकल आता है और जैसे ही तीसरा टुकड़ा मुँह में डालने की कोशिश करती है तो उसके पति की मृत्यु का समाचार उसे मिलता है। वह बौखला जाती है।

उसकी भाभी उसे सच्चाई से अवगत कराती है कि उसके साथ ऐसा क्यों हुआ। करवा चौथ का व्रत गलत तरीके से टूटने के कारण देवता उससे नाराज हो गए हैं और उन्होंने ऐसा किया है। सच्चाई जानने के बाद करवा निश्चय करती है कि वह अपने पति का अंतिम संस्कार नहीं होने देगी और अपने सतीत्व से उन्हें पुनर्जीवन दिलाकर रहेगी। वह पूरे एक साल तक अपने पति के शव के पास बैठी रहती है। उसकी देखभाल करती है। उसके ऊपर उगने वाली सूईनुमा घास को वह एकत्रित करती जाती है। एक साल बाद फिर करवा चौथ का दिन आता है। उसकी सभी भाभियाँ करवा चौथ का व्रत रखती हैं। जब भाभियाँ उससे आशीर्वाद लेने आती हैं तो वह प्रत्येक भाभी से 'यम सूई ले लो, पिय सूई दे दो, मुझे भी अपनी जैसी सुहागिन बना दो' ऐसा आग्रह करती है, लेकिन हर बार भाभी उसे अगली भाभी से आग्रह करने का कह चली जाती है। इस प्रकार जब छठे नंबर की भाभी आती है तो करवा उससे भी यही बात दोहराती है। यह भाभी उसे बताती है कि चूँकि सबसे छोटे भाई की वजह से उसका व्रत टूटा था अतः उसकी पत्नी में ही शक्ति है कि वह तुम्हारे पति को दोबारा जीवित कर सकती है, इसलिए जब वह आए तो तुम उसे पकड़ लेना और जब तक वह तुम्हारे पति को जिंदा न कर दे, उसे नहीं छोड़ना। ऐसा कह के वह चली जाती है।

सबसे अंत में छोटी भाभी आती है। करवा उनसे भी सुहागिन बनने का आग्रह करती है, लेकिन वह टालमटोली करने लगती है। इसे देख करवा उन्हें जोर से पकड़ लेती है और अपने सुहाग को जिंदा करने के लिए कहती है। भाभी उससे छुड़ाने के लिए नोचती है, खसोटती है, लेकिन करवा नहीं छोड़ती है।

अंत में उसकी तपस्या को देख भाभी पसीज जाती है और अपनी छोटी अँगुली को चीरकर उसमें से अमृत उसके पति के मुँह में डाल देती है। करवा का पति तुरंत श्रीगणेश-श्रीगणेश कहता हुआ उठ बैठता है। इस प्रकार प्रभु कृपा से उसकी छोटी भाभी के माध्यम से करवा को अपना सुहाग वापस मिल जाता है। हे श्री गणेश माँ गौरी जिस प्रकार करवा को चिर सुहागन का वरदान आपसे मिला है, वैसा ही सब सुहागिनों को मिले।

द्वितीय कथा

इस कथा का सार यह है कि शाकप्रस्थपुर वेदधर्मा ब्राह्मण की विवाहिता पुत्री वीरवती ने करवा चौथ का व्रत किया था। नियमानुसार उसे चंद्रोदय के बाद भोजन करना था, परंतु उससे भूख नहीं सही गई और वह व्याकुल हो उठी। उसके भाइयों से अपनी बहन की व्याकुलता देखी नहीं गई और उन्होंने पीपल की आड़ में आतिशबाजी का सुंदर प्रकाश फैलाकर चंद्रोदय दिखा दिया और वीरवती को भोजन करा दिया।

परिणाम यह हुआ कि उसका पति तत्काल अदृश्य हो गया। अधीर वीरवती ने बारह महीने तक प्रत्येक चतुर्थी को व्रत रखा और करवा चौथ के दिन उसकी तपस्या से उसका पति पुनः प्राप्त हो गया।

तृतीय कथा

एक समय की बात है कि एक करवा नाम की पतिव्रता स्त्री अपने पति के साथ नदी के किनारे के गाँव में रहती थी। एक दिन उसका पति नदी में स्नान करने गया। स्नान करते समय वहाँ एक मगर ने उसका पैर पकड़ लिया। वह मनुष्य करवा-करवा कह के अपनी पत्नी को पुकारने लगा।

उसकी आवाज सुनकर उसकी पत्नी करवा भागी चली आई और आकर मगर को कच्चे धागे से बाँध दिया। मगर को बाँधकर यमराज के यहाँ पहुँची और यमराज से कहने लगी- हे भगवन! मगर ने मेरे पति का पैर पकड़ लिया है। उस मगर को पैर पकड़ने के अपराध में आप अपने बल से नरक में ले जाओ।

यमराज बोले- अभी मगर की आयु शेष है, अतः मैं उसे नहीं मार सकता। इस पर करवा बोली, अगर आप ऐसा नहीं करोगे तो मैं आप को श्राप देकर नष्ट कर दूँगी। सुनकर यमराज डर गए और उस पतिव्रता करवा के साथ आकर मगर को यमपुरी भेज दिया और करवा के पति को दीर्घायु दी। हे करवा माता! जैसे तुमने अपने पति की रक्षा की, वैसे सबके पतियों की रक्षा करना।