नारद जयंती ( २६ मई २०१३ विशेष )

नारद जयंती ( २६ मई २०१३ विशेष )
हिंदू धर्म ग्रंथों के अनुसार ज्येष्ठ मास के प्रथम दिन देवर्षि नारद का पूजन किया जाता है। इस दिन नारद जयंती भी मनाई जाती है। इस बार नारद जयंती २६ मई, रविवार  को है।

शास्त्रों के अनुसार नारद मुनि, ब्रह्मा के सात मानस पुत्रों में से एक हैं। उन्होंने कठिन तपस्या से देवर्षि पद प्राप्त किया है। वे भगवान विष्णु के अनन्य भक्तों में से एक माने जाते हैं। देवर्षि नारद धर्म के प्रचार तथा लोक-कल्याण के लिए हमेशा प्रयत्नशील रहते हैं। शास्त्रों में देवर्षि नारद को भगवान का मन भी कहा गया है। ग्रंथों में देवर्षि नारद को भगवान विष्णु का अवतार भी बताया गया है। श्रीमद्भागवतगीता के दशम अध्याय के 26वें श्लोक में स्वयं भगवान श्रीकृष्ण ने इनकी महत्ता को स्वीकार करते हुए कहा है- देवर्षीणाम्चनारद:। अर्थात देवर्षियों में मैं नारद हूं। 

महाभारत के सभापर्व के पांचवें अध्याय में नारदजी के व्यक्तित्व का परिचय इस प्रकार दिया गया है- देवर्षि नारद वेद और उपनिषदों के मर्मज्ञ, देवताओं के पूज्य, इतिहास-पुराणों के विशेषज्ञ, पूर्व कल्पों (अतीत) की बातों को जानने वाले, शिक्षा, व्याकरण, आयुर्वेद, ज्योतिष के प्रकाण्ड विद्वान, संगीत-विशारद, प्रभावशाली वक्ता, मेधावी, नीतिज्ञ, कवि, महापण्डित, बृहस्पति जैसे महाविद्वानों की शंकाओं का समाधान करने वाले और सर्वत्र गति वाले हैं। अठारह महापुराणों में एक नारदोक्त पुराण; बृहन्नारदीय पुराण के नाम से प्रख्यात है।


भारतीय सनातन धर्म में कई महान अवतारों, ऋषि-मुनियों और देवी-देवताओं का वर्णन मिलता है। त्रि देवों श्री ब्रह्मा, श्री विष्णु और श्री महादेव जी की भी अपनी-अपनी भूमिकाएं हैं। भक्तों में श्री हनुमान, प्रह्लाद व सुदामा जी जैसे कई उदाहरण मिलते हैं लेकिन चर्चा अगर श्री हरि यानी विष्णु जी के परम भक्तों की हो तो जो नाम सबसे ऊपर आता है, वह है श्री नारद जी। श्री बह्मा जी के पुत्र श्री नारद देवर्षि भी हैं। ज्ञान, भक्ति और ब्रह्मचर्य के प्रतीक श्री नारद जी वीणावादन करते हुए 'नारायण-नारायण' का जाप करते हुए सूचना संग्रहण व इसके प्रसार सहित हरि भक्ति में लीन रहते हैं।

असुरों, दैत्यों, देवताओं और ऋषियों सभी वर्गों में हमेशा उनका आदर होता है। कारण है उनका ज्ञान। तीनों लोकों में दूसरों के कल्याण के लिए घूमने वाले नारद जी ने श्री विष्णु के भक्त दैत्य पुत्र प्रह्लाद को धर्म की शिक्षा दी और विष्णु भक्ति का मार्ग सुझाया। असुर हो या देवता, भू-लोक के शासक हों या गंधर्व सभी को संकट के बारे में सूचना देना और उपाय बताना व भविष्य में आने वाले संकट के प्रति चेताना उनकी प्रवृत्ति रही है। कहते हैं कि देवर्षि नारद एक जगह ज्यादा देर तक नहीं ठहर सकते। वह चलायमान रहते हैं। 
उनके भीतर भक्त रूप में इतनी शक्ति है कि एक बार उन्होंने अपने ईष्ट श्री हरि को ही शाप दे डाला। बाद में विष्णु अवतार रामचंद्र को इस शाप का फल भुगतना पड़ा।

वैशाख समाप्त होते ही जेष्ठ कृष्ण द्वितीया श्री नारद जयंती जिस का साहित्य संगीत और कला क्षेत्र के लोगों द्वारा 'वीणादिवाद्ययंत्र दानम्‌' के रूप में मनाया जाता है। नारद जी के तत्व चिंतन से प्रेरणा लेनी की आवश्यकता है कि लोककल्याण किस प्रकार होता है।

बुद्ध पूर्णिमा (२५ मई २०१३ विशेष )

बुद्ध पूर्णिमा (२५ मई २०१३ विशेष )

बुद्ध जयन्ती (बुद्ध पूर्णिमा, वेसाक या हनमतसूरी) बौद्ध धर्म में आस्था रखने वालों का एक प्रमुख त्यौहार है। बुद्ध जयन्ती वैशाख पूर्णिमा को मनाया जाता हैं। पूर्णिमा के दिन ही गौतम बुद्ध का स्वर्गारोहण समारोह भी मनाया जाता है। इस दिन ५६३ ई.पू. में बुद्ध स्वर्ग से संकिसा मे अवतरित हुए थे। इस पूर्णिमा के दिन ही ४८३ ई. पू. में ८० वर्ष की आयु में, देवरिया जिले के कुशीनगर में निर्वाण प्राप्त किया था। भगवान बुद्ध का जन्म, ज्ञान प्राप्ति और महापरिनिर्वाण ये तीनों एक ही दिन अर्थात वैशाख पूर्णिमा के दिन ही हुए थे। ऐसा किसी अन्य महापुरुष के साथ आज तक नही हुआ है। इस प्रकार भगवान बुद्ध दुनिया के सबसे महान महापुरुष है। इसी दिन भगवान बुद्ध को बुद्धत्व की प्राप्ति हुई थी। आज बौद्ध धर्म को मानने वाले विश्व में ५० करोड़ से अधिक लोग इस दिन को बड़ी धूमधाम से मनाते हैं। हिन्दू धर्मावलंबियों के लिए बुद्ध विष्णु के नौवें अवतार हैं। अतः हिन्दुओं के लिए भी यह दिन पवित्र माना जाता है। यह त्यौहार भारत, नेपाल, सिंगापुर, वियतनाम, थाइलैंड, कंबोडिया, मलेशिया, श्रीलंका, म्यांमार, इंडोनेशिया तथा पाकिस्तान में मनाया जाता है।

बुद्ध के ही बिहार स्थित बोधगया नामक स्थान हिन्दू व बौद्ध धर्मावलंबियों के पवित्र तीर्थ स्थान हैं। गृहत्याग के पश्चात सिद्धार्थ सात वर्षों तक वन में भटकते रहे। यहाँ उन्होंने कठोर तप किया और अंततः वैशाख पूर्णिमा के दिन बोधगया में बोधि वृक्ष के नीचे उन्हें बुद्धत्व ज्ञान की प्राप्ति हुई। तभी से यह दिन बुद्ध पूर्णिमा के रूप में जाना जाता है।बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर बुद्ध की महापरिनिर्वाणस्थली कुशीनगर में स्थित महापरिनिर्वाण मंदिर पर एक माह का मेला लगता है।यद्यपि यह तीर्थ महात्मा बुद्ध से संबंधित है, लेकिन आस-पास के क्षेत्र में हिंदू धर्म के लोगों की संख्या ज्यादा है और यहां के मंदिरों में पूजा-अर्चना करने वे बड़ी श्रद्धा के साथ आते हैं। इस मंदिर का महत्व बुद्ध के महापरिनिर्वाण से है। इस मंदिर का स्थापत्य अजंता की गुफाओं से प्रेरित है। इस मंदिर में भगवान बुद्ध की लेटी हुई (भू-स्पर्श मुद्रा) ६.१ मीटर लंबी मूर्ति है। जो लाल बलुई मिट्टी की बनी है। यह मंदिर उसी स्थान पर बनाया गया है, जहां से यह मूर्ति निकाली गयी थी। मंदिर के पूर्व हिस्से में एक स्तूप है। यहां पर भगवान बुद्ध का अंतिम संस्कार किया गया था। यह मूर्ति भी अजंता में बनी भगवान बुद्ध की महापरिनिर्वाण मूर्ति की प्रतिकृति है।

श्रीलंका व अन्य दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों में इस दिन को 'वेसाक' उत्सव के रूप में मनाते हैं जो 'वैशाख' शब्द का अपभ्रंश है।इस दिन बौद्ध अनुयायी घरों में दीपक जलाए जाते हैं और फूलों से घरों को सजाते हैं। विश्व भर से बौद्ध धर्म के अनुयायी बोधगया आते हैं और प्रार्थनाएँ करते हैं। इस दिन बौद्ध धर्म ग्रंथों का पाठ किया जाता है। मंदिरों व घरों में बुद्ध की मूर्ति पर फल-फूल चढ़ाते हैं और दीपक जलाकर पूजा करते हैं। बोधिवृक्ष की भी पूजा की जाती है। उसकी शाखाओं को हार व रंगीन पताकाओं से सजाते हैं।

वृक्ष के आसपास दीपक जलाकर इसकी जड़ों में दूध व सुगंधित पानी डाला जाता है। । इस पूर्णिमा के दिन किए गए अच्छे कार्यों से पुण्य की प्राप्ति होती है। पिंजरों से पक्षियॊं को मुक्त करते हैं व गरीबों को भोजन व वस्त्र दान किए जाते हैं। दिल्ली स्थित बुद्ध संग्रहालय में इस दिन बुद्ध की अस्थियों को बाहर प्रदर्शित किया जाता है, जिससे कि बौद्ध धर्मावलंबी वहाँ आकर प्रार्थना कर सकें।


काल भैरव अष्टमी

 काल भैरव अष्टमी
मार्गशीर्ष माह के कृष्ण पक्ष की अष्टमी काल भैरवाष्टमी के रूप में मनाई जाती है। इस दिन भगवान महादेव ने कालभैरव के रूप में अवतार लिया था। कालभैरव भगवान महादेव का अत्यंत ही रौद्र, भयाक्रांत, वीभत्स, विकराल प्रचंड स्वरूप है। भैरव जहां शिव के गण के रूप में जाने जाते हैं, वहीं वे दुर्गा के अनुचारी भी माने गए हैं। काल के सदृश भीषण होने के कारण काल भैरव नाम मिला।  ैरवजी को काशी का कोतवाल भी माना जाता है। कालभैरव के पूजन से अनिष्ट का निवारण होता है। भैरव अष्टमी कालाष्टमी के नाम से भी प्रचलित है..

भगवान शिव के अवतार कहे जाने वाले भगवान कालभैरव का अवतार, मार्गशीर्ष माह के कृष्ण पक्ष की अष्टमी के दिन दोपहर में हुआ था । अतः श्रद्धालुओं द्वारा इस दिन को भैरव-जयंती के रुप में मनाई जाती है, और इसी दिन श्रद्धालुओं द्वारा व्रत भी रखा जाता है। इस संबंध में शिवपुराण में कहा गया है कि भगवान शिव ने कालभैरव के रूप में अवतार लिया है, और महादेव का ये स्वरुप भी भक्तों को मनोवांछित फल देनेवाला है....इस दिन प्रत्येक प्रहर में काल भैरव और ईशान नाम के शिव की पूजा और जल चढ़ाने का विधान है । लोगों के बीच ऐसी मान्यता है कि भगवान काल भैरव का वाहन काला कुत्ता है| इसीलिए इस दिन काले कुते की भी पूजा करने का प्रचलन है | कहा जाता है कि भगवान भैरव से काल भी भयभीत रहता है, इसलिए उन्हें कालभैरव भी कहते हैं |

श्रद्धालुओं के बीच ऐसी मान्यता है कि यह व्रत भगवान गणेश, भगवान विष्णु, यम, चंद्रमा, कुबेर ने भी किया था, और इसी व्रत के फलस्वरुप भगवान विष्णु लक्ष्मीपति बने... और कई राजा चक्रवर्ती सम्राट बने। इसे सभी कामनाओं की पूर्ति करने वाला व्रत कहा गया है। ऐसी मान्यता है कि अष्टमी के दिन स्नान के बाद पितरों का श्राद्ध और तर्पण करने के बाद, यदि कालभैरव की पूजा की जाए तो उपासक के सारे विघ्न टल जाते हैं।


पूजन विधि : - 

मार्गशीर्ष अष्टमी पर कालभैरव के निमित्त व्रत उपवास रखने पर जल्द ही भक्तों की मनोकामना पूर्ण हो जाती हैं। इस पर्व की व्रत की विधि इस प्रकार है-


भैरवाष्टमी के दिन सुबह ब्रह्म मुहूर्त में उठें। स्नान आदि कर्म से निवृत्त होकर व्रत का संकल्प करें। उसके बाद किसी कालभैरव मंदिर जाएं। वहां जाकर भैरव महाराज की विधिवत पूजा-अर्चना करें। 

काल भैरवाष्टमी के दिन मंदिर जाकर भैरवजी के दर्शन करने से पूर्ण फल की प्राप्ति होती है। उनकी प्रिय वस्तुओं में काले तिल, उड़द, नींबू, नारियल, अकौआ के पुष्प, कड़वा तेल, सुगंधित धूप, पुए, मदिरा, कड़वे तेल से बने पकवान दान किए जा सकते हैं। 

साथ ही उनके वाहन की भी पूजा करें। साथ में ऊँ भैरवाय नम: मंत्र से पूजन करें,और दिन में फलाहार करें। भैरवजी का वाहन कुत्ता है, इसलिए कुत्तों को मिठाई खिलाएं। इस दिन भैरवजी के वाहन श्वान को गुड़ खिलाने का विशेष महत्व है।

कालभैरव के पूजन-अर्चन से सभी प्रकार के अनिष्टों का निवारण होता है तथा रोग, शोक, दुखः, दरिद्रता से मुक्ति मिलती है। कालभैरव के पूजन में उनकी प्रिय वस्तुएं अर्पित कर आशीर्वाद प्राप्त किया जा सकता है। 

भैरवजी के दर्शन-पूजन से सकंट व शत्रु बाधा का निवारण होता है। दसों दिशाओं के नकारात्मक प्रभावों से मुक्ति मिलती है तथा पुत्र की प्राप्ति होती है।







वैकुंठ चतुर्दशी

वैकुंठ चतुर्दशी
हिन्दू धर्म पंचांग के मुताबिक कार्तिक शुक्ल चतुर्दशी वैकुंठ चतुर्दशी के रूप में प्रसिद्ध है। माना जाता है कि भगवान शंकर ने भगवान विष्णु के तप से प्रसन्न होकर इस दिन पहले विष्णु और फिर उनकी पूजा करने वाले हर भक्त को वैकुंठ पाने का आशीर्वाद दिया। हिन्दू धर्म में वैकुण्ठ लोक भगवान विष्णु का निवास व सुख का धाम ही माना गया है। पौराणिक मान्यताओं के मुताबिक वैकुण्ठ लोक चेतन्य, दिव्य व प्रकाशित है।

जगत पालक विष्णु और कल्याणकारी देवता शिव की भक्ति में भी यही संकेत है। शास्त्रों के मुताबिक इस दिन शिव और विशेष विष्णु मंत्रों के ध्यान से शक्ति व लक्ष्मी की प्रसन्नता मिलती है, जिससे दरिद्रता दूर होती है और सांसारिक कामनाओं जैसे दौलत, यश, प्रतिष्ठा और हर सुख की कामनासिद्धि जल्द होती हैं। 


मंत्र विशेष व उपाय 

इस दिन सुबह व शाम के वक्त भगवान विष्णु व उनके बाद शिवलिंग या शिव की प्रतिमा की पंचोपचार पूजा करें। 

भगवान विष्णु को केसरिया चंदन मिले जल से स्नान कराएं। स्नान के बाद चंदन, पीले वस्त्र, पीले फूल वहीं शिवलिंग पर दूध मिले जल से स्नान के बाद सफेद आंकड़े के फूल, अक्षत, बिल्वपत्र और दूध से बनी मिठाईयों का भोग लगाकर चंदन धूप व गो घृत जलाकर भगवान विष्णु और शिव का नीचे लिखे मंत्रों से स्मरण करें -

विष्णु मंत्र  
पद्मनाभोरविन्दाक्ष: पद्मगर्भ: शरीरभूत्।
महर्द्धिऋद्धो वृद्धात्मा महाक्षो गरुडध्वज:।। 
अतुल: शरभो भीम: समयज्ञो हविर्हरि:।
सर्वलक्षणलक्षण्यो लक्ष्मीवान् समितिञ्जय:।।

शिव मंत्र 
वन्दे महेशं सुरसिद्धसेवितं भक्तै: सदा पूजितपादपद्ममम्।
ब्रह्मेन्द्रविष्णुप्रमुखैश्च वन्दितं ध्यायेत्सदा कामदुधं प्रसन्नम्।। 

मंत्र स्मरण के बाद खासतौर पर दोनों देवताओं को कमल फूल भी अर्पित करें। पूजा व मंत्र जप के बाद विष्णु व शिव या त्रिदेव की धूप, दीप व कर्पूर आरती कर घर के द्वार पर दीप प्रज्जवलित भी करें।